उर्जित पटेल के इस्तीफ़े पर क्या बोले नरेंद्र मोदी और अरूण जेटली

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कहा है कि ये फ़ैसला उन्होंने निजी कारण से लिया है.

उर्जित पटेल ने इस संबंध में विस्तृत बयान आरबीआई की वेबसाइट पर जारी किया है.

आरबीआई और सरकार के बीच तकरार की ख़बरें बीते कुछ समय से लगातार चल रही थीं.

उर्जित पटेल का इस्तीफ़ा मोदी सरकार के लिए कितना अधिक महत्वपूर्ण है इसकी झलक इसी बात से लगाई जा सकती है कि पटेल के इस्तीफ़े की ख़बर के आने के थोड़ी ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बारे में ट्वीट किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा है, ''डॉक्टर उर्जित पटेल बहुत ही अच्छी बौद्धिक क्षमता वाले और मैक्रो-इकोनॉमिक्स के बहुत अच्छे जानकार अर्थशास्त्री हैं. उन्होंने देश के बैंकिंग सिस्टम को सही तरीके से व्यवस्थित किया. उनके नेतृत्व में आरबीआई को वित्तीय स्थिरता मिली.''

मोदी ने एक और ट्वीट कर लिखा, ''डॉ. उर्जित पटेल निर्विवाद रूप बहुत ही काबिल और पेशेवर व्यक्ति हैं. वो पिछले छह साल से रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया में डिप्टी गवर्नर और गवर्नर के तौर पर काम करते रहे. वो अपने पीछे एक महान विरासत छोड़कर जा रहे हैं. हम उन्हें बहुत अधिक याद करेंगे.''

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने भी अपने ट्वीट में लिखा, ''सरकार उर्जित पटेल की आरबीआई के गवर्नर और डिप्टी गवर्नर के तौर पर बेहतरीन काम और सेवा की प्रशंसा करती है. उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही.''

वहीं सोशल मीडिया पर विपक्षी नेता और लोग उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद एक बार फिर सरकार को घेरने लगे हैं.

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रवक्ता संजय झा ने मजाकिया ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ''मोदी लॉजिकः इसे रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया कहते हैं इसलिए मैं इस बैंक के सारे रिजर्व अपने पास रखूंगा.''

कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया है, ''आरबीआई गवर्नर का इस्तीफ़ा यह चौकीदार के लोकतांत्रिक संस्थाओं का शोषण करने का नतीजा है.''

Comments

Popular posts from this blog

宁夏担保集团公司原董事长屠国军一审获刑12年6个月

नॉर्वे: जहां नाव खेने की परंपरा ज़िंदा है

एनडी तिवारी का 93 वर्ष की उम्र में निधन, 2 राज्यों के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे